नागेश शास्त्री: असरानी का वो अमर किरदार जो आज के सोशल मीडिया दौर में भी ज़िंदा है

अच्छे वक़्त की क़द्र… बुरे वक़्त के बाद ही होती है

असरानी के बहुत से किरदार नामों के साथ याद किए जाते हैं, मगर उनका ऑल-टाइम पसंदीदा रोल है “छोटी सी बात”  का नागेश शास्त्री। नागेश ऐसा शख़्स है जो अरुण के अंदर झाँकने वाले, शर्मीले मिज़ाज को खुली चुनौती देता है। वो उस ‘ओवर-स्मार्ट’ इंसान की मिसाल है जो हर ऑफ़िस में, हर दोस्तों के ग्रुप में, या आज के सोशल मीडिया पर भी बड़ी आसानी से देखने को मिल जाता है।

Asrani as Nagesh Shastri, with Amol Palekar and Vidya Sinha in 'Chhoti SI Baat'.

आत्मविश्वास का नक़ाब और भीतर की बेचैनी

जब नागेश शास्त्री अपनी पीली स्कूटर पर सवार होकर, स्टाइलिश कपड़ों और चमकती मुस्कुराहट के साथ प्रभा को लिफ्ट ऑफर करता है,
तो उसका आत्मविश्वास पहाड़ जैसा नज़र आता है।

“अरे आओ ना, बस में क्या रखा है!” कहते हुए वो अरुण को एक मामूली इंसान समझता है।

नागेश का ये ज़्यादा दिखावटी आत्मविश्वास दरअसल एक ऐसा नक़ाब है जो उसकी अंदरूनी बेचैनी और कमज़ोरी को छुपा देता है। उसका ये ज़ाहिरी एतबार (बाहरी आत्मविश्वास) दरअसल उसकी अंदरूनी कमी की निशानी है। वो अपने आपको बेहतर साबित करने के लिए अरुण को नीचा दिखाता है, जिससे उसकी शख़्सियत में एक तरह की “मुक़ाबले की धार” नज़र आती है।

नागेश और अरुण के दरमियान ये टकराव समाजी मुक़ाबले और मिडल क्लास की सोच का प्रतीक है। अरुण एक शर्मीला, अपने जज़्बात दबाने वाला और ग़लती या गुनाह से डरने वाला आदमी है, जबकि नागेश एक खुला मिज़ाज रखने वाला, रिस्क लेने वाला और अपने आपको “अल्फ़ा” समझने वाला शख़्स है।

मनोवैज्ञानिक नज़रिया: आत्मसम्मान की तलाश

मनोवैज्ञानिक नज़रिए से देखा जाए तो नागेश उस फ़ितरत की नुमाइंदगी करता है जो मिडल क्लास समाज में “दूसरों से आगे बढ़ने” की चाहत को ज़ाहिर करती है। प्रभा को impress (प्रभावित) करने का उसका मक़सद और अरुण को चुभती बातें कहना, उसके “सामाजी दर्जे” की आरज़ू को सामने लाता है।

वो प्रभा से फ़्लर्ट करता है क्योंकि उसकी स्वीकृति उसे एक झूठा एहसास देती है कि वो बेहतर है। मगर ये दिखाई देने वाला अतिरंजित आत्मविश्वास दरअसल उसके असल इज़्ज़त-ए-नफ़्स यानी आत्मसम्मान की कमी का सबूत है, जिसकी वजह से वो हमेशा दूसरों को प्रभावित करने की कोशिश में लगा रहता है।

कॉमिक राहत: हँसी के पीछे की कड़वाहट

नागेश की हँसी उसके ज़्यादा दिखावटी बर्ताव से पैदा होती है, जैसे जब वो अरुण को छेड़ते हुए कहता है,

“अरे, तेरी मोटरसाइकिल तो सेकंड हैंड है,”

या जब वो प्रभा से मुस्कुराते हुए बोलता है,

“मेरी स्कूटर पर बैठो, बड़ा मज़ा आएगा।”

मनोवैज्ञानिक नज़रिए से उसकी ये हँसी एक तरह की “कॉमिक राहत” (comic relief) है, जहाँ देखने वाले अरुण की मजबूरी और सादगी पर अफ़सोस महसूस करते हैं, वहीं नागेश का ओवर-द-टॉप रवैया उस तनाव को हल्का कर देता है।

नागेश का बढ़ा-चढ़ा बर्ताव असल में उसी “कॉमिक राहत” की मिसाल है। उसकी हरकतों पर हँसी आती है, मगर उसमें एक तल्ख़ी भी महसूस होती है। जब वो अरुण की मासूमियत को छेड़ता है, तो देखने वाले उसके लिए हमदर्दी महसूस करते हैं। ये हँसी कहानी के तनाव को हल्का करती है और मंजर में नर्मी पैदा करती है। यही वजह है कि नागेश का किरदार ग़म के बीच भी मुस्कान छोड़ जाता है।

1970 का मिडल क्लास और नागेश की सोच

नागेश की फ़ितरत उस मिडल क्लास की सोच का निशान है जो “आगे बढ़ने” की तमन्ना रखती थी। 1970 के दशक का हिंदुस्तान ऐसा वक़्त था जब आर्थिक और समाजी स्थिरता बहुत सीमित थी। ऐसे में नागेश जैसे लोग अपने दिखावे से ही अपना मक़ाम बनाते थे।

उसकी स्कूटर, चिकन आलापुस, टेबल टेनिस की बातें और प्रभा को प्रभावित करने की कोशिश, उस दौर के नौजवानों की सोच को दिखाती है, जहाँ बाहरी ठाठ-बाट और समाज की मंज़ूरी को ही कामयाबी का पैमाना समझा जाता था।

उस वक़्त का मिडल क्लास अपेक्षाकृत स्थिर ज़िंदगी जीता था, जहाँ सरकारी नौकरियाँ, हुकूमती सहूलतें और समाज में इज़्ज़त बहुत अहम मानी जाती थीं। आर्थिक संसाधन कम होने के बावजूद, लोग संस्था और परंपरा में विश्वास करते थे। मगर बाहर की चीज़ें – जैसे स्कूटर, ब्रांडेड कपड़े और समाज की नज़र में शोहरत – उनके दर्जे को दिखाने का ज़रिया बनती थीं।

समाजी पहचान और दिखावे का युग

ये सोच उस आरज़ू से निकली थी जो माली तरक़्क़ी (आर्थिक उन्नति) की कमी में समाजी पहचान पाने की कोशिश करती थी। 1970 के दशक का हिंदुस्तानी मिडल क्लास इसी हसरत और हकीक़त के दरमियान जीता था। नागेश की ये फ़ितरत उसी दौर की झलक है — जहाँ लोग अपनी पहचान सीमाओं के बीच रहकर बनाना चाहते थे। उस वक़्त बाहर की चमक-दमक और समाजी मुक़ाबला ही कामयाबी का असल पैमाना समझा जाता था।

आज का दौर: वही फ़ितरत, नया मंच

आज के दौर में नागेश वही फ़ितरत है जो इंस्टाग्राम रील्स पर “फ़्लेक्स” करते हुए नज़र आती है – जहाँ लोग महंगे कपड़े, गाड़ियाँ या सैर-सपाटे दिखाकर अपने आपको दूसरों से बेहतर साबित करना चाहते हैं।

ये रुझान नया नहीं, बस ज़माने और ज़रिया बदल गया है। नागेश शास्त्री कोई एक शख़्स नहीं, बल्कि ज़्यादा एतबार, समाजी मुक़ाबले और बाहरी चमक की चाह का संगम है। असरानी ने इस “रास्ते के काटे” को ऐसे जिया कि वो किरदार चुभता नहीं, बल्कि हल्की गुदगुदी के साथ मन में उतर जाता है।

असरानी की विरासत: हँसी में छिपी संवेदना

नागेश की यह प्रवृत्ति 1970 के दशक के मध्यवर्गीय मानसिकता से लेकर आज के सोशल मीडिया के फैशन तक सामाजिक प्रतिष्ठा और बाहरी चमक-दमक के माध्यम से खुद को साबित करने की निरंतर इच्छा को दर्शाती है।

यह प्रभाव सामाजिक दबाव और आत्मसम्मान की असुरक्षा का भी प्रतीक है, जो बाहरी आवरण के जरिए छुपाई जाती है। इस प्रकार, नागेश शास्त्री का चरित्र आज के समय में भी सामाजिक स्पर्धा, आत्मविश्वास के अतिशयोक्ति पहलू, और सामाजिक छवि के महत्व को दर्शाता है।

बला की चमक उस के चेहरे पे थी
मुझे क्या ख़बर थी कि मर जाएगा

अहमद मुश्ताक़

Govardhan Asrani - Bollywood Comedy Actor

श्रद्धांजलि

“बाय नागेश… अलविदा हमारे प्रिय असरानीजी…”

आपकी यादें हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी।
आपकी अनुपस्थिति एक अनमोल ख़ालीपन छोड़ गई है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।
आप जहाँ भी हों, हमारी दुआएं और प्यार आपके साथ हैं।
हम आपको हर पल, हर सांस में, दिल के सबसे कोमल कोने से याद करते रहेंगे।
आपकी मुस्कान, आपकी बातें और आपकी मौजूदगी हमारा मन सदैव छूती रहेगी।

लोग अच्छे हैं बहुत, दिल में उतर जाते हैं
इक बुराई है तो बस ये है कि मर जाते हैं

रईस फ़रोग़

यह लेख डॉ. प्रज्ञावंत देवळेकर के मूल मराठी लेख का हिंदी अनुवाद है।
अनुवाद: दिनेश धवने


Author Bio: Dinesh Dhawane

Dinesh Dhawane - Nagpur Film SocietyDinesh Dhawane is a publisher, author, bibliophile, paleo-botanist, and passionate film critic. He has authored numerous professional books for universities and colleges, contributing significantly to academic literature. A dedicated collector of rare books, he owns one of the largest personal libraries in the country.

An avid cinema enthusiast, Dinesh is widely regarded as an authority on film history and personalities. He serves as a Core Committee Member of both the Nagpur Book Club and the Nagpur Film Society, actively promoting literary and cinematic culture.

6 Comments

  1. NITIN HANDE

    बहोत खूब. किसी किरदार का ऐसा मनोवैज्ञानिक विश्लेषण … 👌👌👌

  2. इसी प्रकार की और भी जानकारियां हमको आपके द्वारा मिलती रहेगी ऐसी आशा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *